About Us

Welcome To Madhya Pradesh Rajput Samaj

गत 57 वर्षों से जनहित में समर्पित सामाजिक संस्था मध्य प्रदेश राजपूत समाज संस्था की स्थापना 18 दिसंबर 1969 में भोपाल में की गई। मध्यप्रदेश शासन द्वारा संस्था को भोपाल में चार इमली, मेन रोड नंबर 3 पर सामाजिक भवन बनाने के लिए आधा एकड़ भूमि आवंटित की गई। जिसमें मध्य प्रदेश महाराणा प्रताप सामाजिक एवं सांस्कृतिक ट्रस्ट (पंजीकृत) द्वारा चार मंजिला महाराणा प्रताप सामाजिक, सांस्कृतिक व सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है।

वर्तमान में इस भवन का भूतल एवं प्रथमतल लगभग तैयार हो गया है। भूतल एवं प्रथमतल पर सामाजिक व अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। द्वितीय तल पर 20 एवं तृतीय तल पर 20 सुसज्जित कमरों (अटैच लैट/बाथ) का निर्माण कार्य मुख्य स्तर पर किया जा रहा है। भवन के सामने लगभग 10,000 वर्ग फुट का खुला मैदान सामाजिक, सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रमों के लिए छोड़ा गया है। भवन में दो आधुनिक लिफ्ट का प्रावधान है।

संस्था द्वारा साल भर में कई सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसमें मुख्य रूप से होली मिलन, शस्त्र पूजन, विजयादशमी पर्व, महाराणा प्रताप व पृथ्वीराज चौहान व अन्य महापुरूषों की जयंती/ पुण्यतिथि, 15 अगस्त, 26 जनवरी, हरियाली तीज, बसंत पंचमी, प्रतिभा सम्मान समारोह, विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए राष्ट्रीय स्तर का परिचय सम्मेलन के अलावा सामाजिक लोगों की मदद के उद्देश्य से समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी बच्चों के लिए स्मृति छात्रवृत्ति योजना, जिसके तहत कक्षा ग्यारहवीं व बारहवीं के लिए 2 वर्ष तक 1000 रुपये प्रतिमाह संस्था द्वारा चयनित छात्र-छात्राओं को दिए जाते हैं। समय-समय पर रक्तदान शिविर का आयोजन, वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न कार्य, अब तक समाज के 10 लोगों द्वारा अपनी देहदान एवं अंगदान का संकल्प लिया गया जिसमें संस्था के पूर्व अध्यक्ष स्व. जगदीश सिंह ठाकुर जी के निधन उपरांत उनके परिवार द्वारा उनकी देह को एम्स हॉस्पिटल को दान किया गया।

कोविड-19 में लगे लॉकडाउन में लोगों के लिए ‘सेवा परमो धर्मः’ अभियान के तहत 35 दिन लगातार प्रथम लहर के समय संस्था द्वारा भोपाल शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिदिन 500 लोगों को भोजन व अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री, दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया। इसके साथ ही संस्था की महिला इकाई द्वारा निर्मित मास्क विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को निःशुल्क वितरित किए गए। कोविड-19 की दूसरी लहर में समाज व अन्य लोगों को अधिकतम वैक्सीनेशन लगाने के उद्देश्य से संस्था द्वारा महाराणा प्रताप भवन, चार इमली भोपाल में लगातार स्थानीय शासन के सहयोग से निःशुल्क वैक्सीनेशन शिविर आयोजित किए गए। जिसके अंतर्गत 51 शिविरों में लगभग 10,000 लोगों को कोविड से बचाव के लिए प्रथम व द्वितीय डोज निःशुल्क लगवाए गए।

संस्था में प्रदेश भर के कई सामाजिक, व्यवसायिक व अन्य प्रतिष्ठित लोग जुड़े हुए हैं, जो समय-समय पर संस्था द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों व कार्यक्रमों में अपना सहयोग व मार्गदर्शन देते रहते हैं। संस्था के सभी प्रकोष्ठ व इकाइयों के पदाधिकारीगण अपने-अपने स्तर पर अपने-अपने क्षेत्रों में प्रदेश भर में जनहित व समाजहित के कार्य में लगातार संलग्न रहते हैं।

भोपाल से संस्था द्वारा वर्ष 2009 से ‘राजपूत दर्पण’ नामक सामाजिक मासिक पत्रिका का प्रकाशन किया जा रहा है। जिसमें विभिन्न सामाजिक गतिविधियों एवं समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों का बायोडाटा प्रकाशित किया जाता है। इसके साथ हर वर्ष संस्था द्वारा वार्षिक कैलेंडर प्रकाशित किया जाता है, जिसमें समाज से सम्बंधित कई उपयोगी जानकारी होती है। इस कैलेंडर का नि:शुल्क वितरण किया जाता है।

कार्यालय: मध्य प्रदेश राजपूत समाज संस्था, पंजी. क्र. 1582/18 दिसंबर 1969, महाराणा प्रताप भवन, चार इमली, मेन रोड नं.-3, भोपाल-462016 (म.प्र.) मो: 917 908 1582